वैश्विक संकट के बीच एमसीडी की पहल, अधिकारियों से निजी वाहन कम चलाने की अपील की
वैश्विक संकट के बीच एमसीडी की पहल, अधिकारियों से निजी वाहन कम चलाने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
ईरान युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक संकट और बढ़ती ईंधन चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री की अपील का असर अब सरकारी विभागों में भी दिखने लगा है। इस संबंध में एमसीडी ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। अतिरिक्त आयुक्त (मुख्यालय) पंकज नरेश अग्रवाल के जारी आदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिकतम सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने, कार पूलिंग अपनाने और अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने की अपील की गई है। उनका कहना है कि यह पहल न केवल ईंधन बचत की दिशा में अहम होगी, बल्कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक जाम को कम करने में भी मददगार साबित होगी।
एडवाइजरी में स्पष्ट कहा गया कि अधिकारी और कर्मचारी रोजाना कार्यालय आने-जाने के लिए दिल्ली मेट्रो, बसों और अन्य साझा परिवहन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही, एक ही इलाके में रहने वाले कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर कार पूलिंग व्यवस्था अपनाएं ताकि निजी वाहनों की संख्या कम की जा सके। एमसीडी ने नियमित आवागमन और गैर-जरूरी आवाजाही में व्यक्तिगत वाहनों के उपयोग से बचने की भी सलाह दी है।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया कि विभागीय बैठकें, समीक्षा बैठकें और अन्य आधिकारिक चर्चाएं जहां संभव हो, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएं। इससे अनावश्यक यात्रा कम होगी, समय की बचत होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। सभी विभागाध्यक्षों और नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करें।