पूर्वी दिल्ली में नगर निगम ने सफाई अभियान चला रखा है। गांधी नगर की सुभाष रोड मार्केट में गंदगी और सीवर की लाइनों को साफ किया जा रहा है। बीती 20 जून को अमर उजाला में इससे संबंधित खबर लगी थी।
पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर की सुभाष रोड मार्केट में गंदगी और सीवर जाम से निपटने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। अब यहां नियमित रूप से सफाई हो रही है। साथ ही सीवर की लाइनों को भी साफ किया जा रहा है। इससे जलभराव की समस्या में कमी देखने को मिली है। बता दें कि अमर उजाला ने क्षेत्रवासियों की इस समस्या को 20 जून के अंक में प्रकाशित किया था।
विज्ञापन
सुभाष रोड व बड़ा बाजार थोक रेडीमेड गारमेंट्स मार्केट एसोसिएशन के प्रधान प्रवीण गुप्ता ने दावा करते हुए कहा कि पहले सुभाष रोड मार्केट की हालत बेहद खराब थी। सीवर ओवरफ्लो होता था, जिससे सड़क पर गंदा पानी जमा हो जाता था। ग्राहक आने से कतराते थे और व्यापार पर सीधा असर पड़ता था। गंदगी और बदबू के चलते राहगीरों को भी परेशानी होती थी।
इसके अलावा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा ने कहा कि पहले मार्केट की सड़कों पर साफ-सफाई ठीक नहीं होती थी और कूड़ा कई-कई दिनों तक पड़ा रहता था, लेकिन अब रोजाना सुबह और शाम सफाई हो रही है। सीवर की सफाई के लिए मशीनें लगाई गई हैं और कूड़े के ढेर हटाए जा चुके हैं, जिससे मानसून में बारिश से मार्केट में जलभराव नहीं हुआ।