पुराने राजिंदर नगर से लक्ष्मी नगर और बुराड़ी तक चला अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अनधिकृत निर्माण और भवन मानदंडों के उल्लंघन के खिलाफ एमसीडी ने बृहस्पतिवार को सभी 12 जोनों में बड़े स्तर पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। इस दौरान उसने 30 संपत्तियों का ध्वस्तीकरण किया और सात संपत्तियों को सील किया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 ध्वस्तीकरण आदेश भी जारी किए गए।
एमसीडी के अनुसार, यह कार्रवाई खतरनाक भवनों, अनधिकृत निर्माण और दिल्ली के मास्टर प्लान (एमपीडी) तथा भवन उपनियमों के उल्लंघन के खिलाफ की गई। इस दौरान पुराने राजिंदर नगर, बलजीत नगर, उत्तम नगर, राजौरी गार्डन, बुराड़ी, मंडोली, सबोली, झील खुरंजा, गणेश नगर एक्सटेंशन, ललिता पार्क, लक्ष्मी नगर और गौतमपुरी समेत कई इलाकों में कार्रवाई की गई। उसकी टीमों ने चिन्हित संपत्तियों में किए गए अनधिकृत निर्माण को हटाया और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की।