आयुक्त संजीव खिरवार और शहरी विकास सचिव विवेक पांडे ने किया संयुक्त निरीक्षण
आईआईटी और आरके पुरम में धूल नियंत्रण के उपायों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सर्दियों में वायु प्रदूषण बढ़ने से पहले एमसीडी ने हॉटस्पॉट और निर्माण स्थलों पर निगरानी तेज कर दी है। एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार और दिल्ली सरकार के शहरी विकास विभाग के सचिव विवेक पांडे ने शनिवार को दक्षिणी दिल्ली के प्रदूषण हॉटस्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर धूल नियंत्रण के इंतजामों की पड़ताल की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण एजेंसियों और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान आरके पुरम, आईआईटी दिल्ली क्षेत्र, सरोजिनी नगर और रिंग रोड स्थित निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने हॉटस्पॉट पर तैनात एंटी-स्मॉग गन, स्प्रिंकलर और एमआरएसएम मशीनों की कार्यप्रणाली व उनके इस्तेमाल का जायजा लिया। निर्माण स्थलों और आसपास के इलाकों में धूल को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे उपायों की भी जांच की गई। निरीक्षण में प्रदूषण नियंत्रण के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और जमीनी स्तर पर उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। एमसीडी आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए। निर्माण स्थलों पर नियमों का पालन कराया जाए और लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाए।
संयुक्त निरीक्षण दल ने आईआईटी दिल्ली स्थित प्रदूषण हॉटस्पॉट और पास के पेट्रोल पंप के आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया। अधिकारियों को अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सड़कों, फुटपाथों, हरित पट्टियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सर्दियों से पहले व्यापक सफाई कराने को भी कहा गया।