दिल्ली एमसीडी के 13 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं, जिसमें आम आदमी पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीतकर भी नुकसान में रहने वाली पार्टी बनी है। आम आदमी पार्टी ने 13 वार्डों में से 5 में जीत हासिल की है।
वहीं दिल्ली में अपना आधार ही खो चुकी कांग्रेस ने इस चुनाव में अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए 4 सीटों पर कब्जा किया है। इन चुनावों में भाजपा को बहुत ज्यादा न ही फायदा हुआ न ही नुकसान उसने 3 सीटें जीती हैं।
जीत के बाद दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने दिल्ली को इस जीत के लिए बधाई दी और ट्वीट कर कहा कि भाजपा-कांग्रेस शासित एमसीडी में एक बाहरी की जीत हुई है। यह आप की बड़ी जीत है और उम्मीद है कि एमसीडी में आप सभी सीटें जीतेगी। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आप ने आत्मनिरीक्षण के लिए भी कहा है।
MCD ruled by BJP-Cong. Outsider AAP wins max seats in byelection. Thnx Delhi for reaffirming faith. Ab MCD election mein sabhi seat jeetni h
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 17, 2016
अपनी जीत के बाद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने इसे पार्टी के लिए बड़ी जीत करार दिया है और राहुल गांधी को इसका श्रेय दिया है। उनका कहना था कि राहुल गांधी का सफाईकर्मियों के साथ खड़े होना ही इस चुनाव में जीत की बड़ी वजह है। उन्होंने ये भी कहा कि भाटी का निर्दलीय उम्मीदवार कांग्रेस में शामिल होगा।
पढ़ें कब-कब क्या हुआ-
10:53- एमसीडी उपचुनाव में सभी 13 वार्डों के नतीजे घोषित हो गए हैं। इनमें आप को 5 सीटों, कांग्रेस को बड़ी सफलता के रूप में 4 सीटों और भाजपा को केवल 5 सीटों पर ही जीत मिली। वहीं एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने कब्जा जमाया।
10:25- आप की 4 वार्ड में जीत, 1 में आगे। आप के अनिल कुमार ने 552 वोटों से जीत हासिल की।
10:18- 2 और सीटों की जीत के साथ आप ने जीती 3 सीटें। आप ने मटियाला, तेहखंड, विकासनगर सीट पर जीत हासिल की है, वहीं दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
10:10- खिचड़ीपुर से बीजेपी के विनोद कुमार बिन्नी हारे। कांग्रेस की झोली में गिरी जीत। यहां आनंद कुमार ने कांग्रेस के लिए जीत हासिल की।
10:05- भाटी से निर्दलीय उम्मीदवार की जीत। भाटी से निर्दलीय राजेंद्र सिंह तंवर जीते।
10:02- 1 सीट जीती आप, 4 वार्ड में आगे। तेहखंड में जीती आप।
10:00- मुनिरका में कांग्रेस की जीत।
9:53- वजीरपुर सीट पर जीत के साथ भाजपा का 3 सीटों पर कब्जा।
9:47- अब तक तीन वार्डों के नतीजे आ चुके हैं। जिनमें झिलमिल वार्ड पर कांग्रेस ने अपना कब्जा कर लिया है। यहां कांग्रेस के पंकज लूथरा जीते हैं।
9:38- बीजेपी ने शालीमार बाग की सीट भी की अपने नाम की। यहां भूपिंदर भंडारी ने जीत दर्ज की।
9:30- बीजेपी उम्मीदवार कृष्ण गहलोत नवादा से 4000 वोटों से जीते।
9:00- आम आदमी पार्टी के आंतरिक एक्जिट पोल को धता बताते हुए आज दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव के जो रुझान आ रहे हैं उसमें कांग्रेस सबसे आगे है।