-48 घंटे साप्ताहिक और 12 घंटे दैनिक ड्यूटी सीमा लागू करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मौलाना आजाद मेडकिल कॉलेज (एमएएमसी) के एमबीबीएस इंटर्न ने ड्यूटी के घंटे और कार्य आवंटन को लेकर पांच अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन फिलहाल टाल दिया है। शनिवार को हुई बैठक में इंटर्न ने अस्पताल में ड्यूटी से जुड़े दिशा-निर्देश लागू नहीं होने का मुद्दा उठाया।
इस बैठक में रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.नीरज आजाद यादव, इंटर्न डॉ. वैभव गुप्ता सहित कई दूसरे इंटर्न और डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के अनुसार 14 सितंबर के डीन के निर्देश के बावजूद तय सप्ताह में अधिकतम 48 घंटे और रोजाना 12 घंटे की ड्यूटी सीमा लागू नहीं हो रही है। इंटर्न ने यह भी कहा कि उनसे क्लीनिकल कार्य के बजाय नर्सिंग और वार्ड बॉय से जुड़े काम कराए जा रहे हैं। बैठक में प्रतिनिधि ने इंटर्न की शिकायतों पर संबंधित उप मुख्य नर्सिंग अधीक्षक से बात की और नर्सिंग स्टाफ व नर्सिंग ऑर्डरली को उनके निर्धारित कार्य कराने के निर्देश दिए।
इसमें यह तय हुआ कि इंटर्न अपने विभागाध्यक्षों को नियमों के उल्लंघन के मामलों की लिखित जानकारी देंगे। सभी विभागों को दिशा-निर्देश लागू करने का अनुरोध भी भेजा जाएगा। आने वाले सप्ताह में समीक्षा बैठक होगी। इंटर्न ने कहा कि ठोस सुधार नहीं हुआ तो प्रदर्शन पर दोबारा फैसला लिया जाएगा।