मयूर विहार से पूर्व पार्षद सुरजीत सिंह की लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। सुरजीत सिंह अपनी फार्च्यूनर कार से जा रहे थे, इसी बीच रास्ते में एक वॉल्वो बस ने जोरदार टक्कर मार दी। कार में पूर्व पार्षद सुरजीत सिंह समेत चार लोग सवार थे। हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
सुरजीत सिंह पहले बहुजन समाज पार्टी के नेता थे। उन्होंने 2017 में दिल्ली नगर चुनाव के लिए बसपा का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। उन्होंने विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर पटपड़गंज सीट से मनीष सिसोदिया के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में वह बुरी तरह हार गए थे और उनकी जमानत तक जब्त हो गई थी।