कूड़े से बिजली बनाने की चार नई परियोजनाएं शुरू करेगा निगम , 6.25 लाख विद्यार्थियों को डीबीटी के जरिए मिलेंगे 70 करोड़ रुपये
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नगर निगम की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने और स्वच्छता अभियान में तेजी लाने की योजनाओं पर महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निगम की मौजूदा गतिविधियों और आगामी परियोजनाओं की जानकारी साझा की।
महापौर ने बताया कि तेहखंड, ओखला, गाजीपुर और भलस्वा में कूड़े से बिजली बनाने की चार नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इससे कचरे का निस्तारण करने के साथ बिजली का उत्पादन भी होगा। इसके अलावा दिल्ली में ढलावों को समाप्त करने और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने निगम की ओर से हर सप्ताह स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि निगम के स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 6.25 लाख विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लगभग 70 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।