पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के गांव बादलपुर में हाथी और सपा प्रत्याशी नरेंद्र भाटी के गांव बोडाकी में साईकिल लगभग एक तरफा चली। दोनों गांव के लोगों ने अपने-अपने नेता के प्रति आस्था दिखाई।
मायावती के गांव बादलपुर में मतदाता का रुझान हाथी के प्रति रहा। मतदाताओं में सत्ता रूढ़ दल और केंद्र सरकार के प्रति आक्रोश नजर आया। उनका कहना था कि सपा, के शासन काल में उनके गांव का विकास रुका है। उनका कहना था कि मायावती ने ही उनके गांव का विकास कराया है।
वहीं सपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह भाटी के गांव बोडाकी में साईकिल पर मतदान हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि उनका नेता नरेंद्र सिंह भाटी है। उसको ही समर्थन करते रहे हैं।
पर्ची दिखाने पर भी रोके मतदाता
दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के कमरा नंबर एक पर कई मतदाताओं के पास फोटोयुक्त मतदाता पर्ची होने के बाद भी उनको वोट डालने से रोका गया। मतदान कर्मचारियों की शिकायत भाजपा एजेंट ने अधिकारियों से की। अधिकारियों ने निर्देश मिलने पर पर्ची दिखाने वाले मतदाताओं को वोट करने दिया गया। बूथों पर मतदान की गड़बडी की सूचनाएं कंट्रोल रूप में आती रहीं। सूचना पर संबंधित जोनल और सैक्टर मजिस्ट्रेटों ने पहुंचकर विवाद को दूर किया।
बेवकॉस्टिग रही फेल, सर्वर हुआ ठप
40 मतदान बूथों पर जिला प्रशासन ने बेवकॉस्टिग के जरिए सीधा प्रसारण कराने की व्यवस्था की थी। लेकिन दो बजे के बाद ज्यादातर बूथों की बेवकॉस्टिग सर्वर फेल होने के चलते बंद हो गई। केवल पांच से छह केंद्रों पर लगातार बेवकॉस्टिग जारी रही।
तीन किलोमीटर दूर बूथ, पैदल गए मतदाता
जारचा के रधुवीरगढ़ में बनाए गए बूथ पर ऐसे 90 मतदाताओं की वोट भी थी। जिन्हें गांव से तीन किलोमीटर की दूरी तय करके बूथ पर आना पड़ा। मतदाताओं ने बताया कि उन्होंने नजदीक बूथ बनाने की मांग की थी। लेकिन उनकी मांग को नजरांदाज कर दिया गया।
प्रत्याशियों ने ढोए मतदाता
पोलिंग बूथ पर जाने के लिए मतदाताओं ने अपने वाहनों का इस्तेमाल किया। अपने निजी वाहनों से जाने की छूट निर्वाचन आयोग ने दी हुई थी। कुछ स्थानों पर प्रत्याशियों के वाहनों ने जमकर मतदाताओं को ढोया।
सारा दिन रही बिजली
बूथों पर देर तक मतदान होने और बेवकॉस्टिग के लिए प्रत्येक बूथ पर बिजली की आपूर्ति सारा दिन चालू रही। एक या दो बार बिजली की आपूर्ति बाधित हुई। लेकिन दस से पंद्रह मिनट में ही पुन: आपूर्ति शुरू करा दी गई।
बीएलओ काउंटर पर जमावड़ा
एनटीपीसी, मिहिर भोज डिग्री कॉलेज, बालिका डिग्री कॉलेज, अच्छैजा, दुजाना, चिटहैडा, अग्रसैन इंटर कॉलेज के बूथों पर बीएलओ के काउंटरों पर मतदाताओं को पर्ची लेने के लिए भीड़ लगी रही। मतदाताओं का कहना था कि उनको पर्ची का वितरण नहीं किया गया था। पर्ची नहीं मिलने के कारण पर्ची तलाश कराने में एक से डेढ़ घंटे का समय लगा।