-सड़क, पानी, स्वास्थ्य और पार्कों के काम होंगे तेज, गांवों को मिलेगा शहर जैसा इंफ्रा
-सीएम ने कहा, वादों की नहीं, जमीन पर दिखने वाले विकास की सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मटियाला विधानसभा क्षेत्र को 400 करोड़ रुपये का विकास पैकेज मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कई विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ घोषणाएं करना नहीं, बल्कि विकास को जमीन पर उतारना है, ताकि हर नागरिक के जीवन में सीधा बदलाव दिखे। सीएम ने कहा कि करीब 400 करोड़ रुपये से सड़क, नाली, ड्रेनेज, पार्क, सामुदायिक स्थल और दूसरी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेंगे। ग्रामीण इलाकों के विकास में फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत के मुताबिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं के तहत गांवों और शहरी इलाकों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण होगा, जिससे आवागमन आसान होगा और लोगों को रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर खास जोर दिया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। मटियाला क्षेत्र में कई नए आरोग्य मंदिर शुरू किए गए हैं। इससे लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं घर के पास मिलेंगी। इसके अलावा, क्षेत्र में दो अटल कैंटीन शुरू की गई हैं। यह सुविधा मजदूरों, गरीबों और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत बन रही है।
गावों में जल आपूर्ति बेहतर होगी
मटियाला विधानसभा के गांवों में नई पाइप लाइनें बिछाई जा रहीं और ट्यूबवेल लगाए जा रहे, जिससे जल आपूर्ति बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि साफ पानी हर नागरिक का अधिकार है और सरकार इसे प्राथमिकता से पूरा कर रही है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सालों से ग्रामीण इलाकों को केवल वादों में उलझाए रखा गया।
हर विधानसभा विकास का मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि गली, मोहल्ले और गांव तक सुविधाएं पहुंचाना है। मटियाला में शुरू हुई ये परियोजनाएं उसी विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मटियाला विकास और सुविधाओं का मजबूत मॉडल बनेगा।