दिल्ली पुलिस ने वृंदावन स्थित एक जाने-माने आश्रम के महंत को गिरफ्तार किया है। उसे वृंदावन जाकर ही गिरफ्तार किया गया है। महंत के मोबाइल से दिल्ली की एक युवती को वाट्सऐप पर अश्लील मैसेज आ रहे थे।
आरोप है कि महंत के फोन से युवती से अश्लील बातें की गईं थीं। लाजपत नगर निवासी युवती ने पुलिस में शिकायत दी थी। दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ ने महंत को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
दक्षिण जिला डीसीपी प्रेमनाथ का कहना है कि जमानती धाराएं होने के कारण महंत को गिरफ्तार करने के बाद वृंदावन में ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। जिस नंबर से युवती के मोबाइल पर अश्लील मैसेज व वाट्सऐप मैसेज आ रहे थे वह महंत शिवचेतन (55) के नाम पर है।
मोबाइल से अश्लील मैसेज व कॉल हुए
मोबाइल से अश्लील मैसेज व कॉल हुए थे अत: महंत की जिम्मेदारी बनती है। हालांकि महंत ने आरोपों को नकारते हुए पुलिस को बताया कि उसका मोबाइल कई लोगों के पास रहता है, अत: उसके मोबाइल से कोई भी कॉल व मैसेज भेज सकता है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महंत के मोबाइल से मैसेज किसी और ने भेजे थे या महंत ने ही भेजे थे। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार लाजपत नगर में रहने वाली युवती शिप्रा (बदला हुआ नाम) ग्रीन पार्कस्थित एक कंपनी में नौकरी करती है।
युवती ने मई महीने में सफदरजंग एंकलेव थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी मोबाइल पर वाट्सऐप मैसेज आया।
अगले दिन फिर अश्लील मैसेज आए
उसने मैसेज भेजने वाले से उसकी पहचान पूछी, मगर आरोपी ने बताया नहीं। अगले दिन फिर अश्लील मैसेज आए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसी मोबाइल से युवती के मोबाइल पर कई बार फोन कर अश्लील बातें की गईं।
सफदजंग एंक्लेव थाना पुलिस आईपीसी की धारा 354 डी(अश्लील मैसेज भेजना) और 509(घूरना) के मामला दर्जकर जांच कर रही थी।
सफदरजंग एंक्लेव थाने में तैनात एसआई रामपाल और हवलदार शुभकरण की टीम महंत के मोबाइल फोन के सिम को बरामद करने में लगी हुई है।