अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गारमेंट्स फैक्ट्री में शुक्रवार शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तीन मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर संचालित फैक्ट्री में लगी। घटना के समय कर्मचारी फैक्ट्री में काम कर रहे थे, लेकिन आग की लपटें उठते ही सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग के अनुसार, शाम 4:33 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरी मंजिल धुएं और लपटों से घिर गई, जबकि आसपास के इलाके में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।
दमकलकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग को इमारत की अन्य मंजिलों तक फैलने से रोका और बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 6:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि पुलिस और संबंधित एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।