औद्योगिक हब में आग लगने की घटना परेशानी का सबब बनी हुई है। इसे देखते हुए मंगलवार को मारुति सुजुकी के सेक्टर-18 प्लांट में कार्यरत करीब डेढ सौ कर्मचारियों को आग से बचाव का प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण उन्हें मारुति के फायर ऑफीसर अनिल धनखड़ ने दिया। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि आग लगने की सूरत में उस पर कैसे काबू पाया जाए। साथ ही उन्होंने उन सावधानियों का भी जिक्र किया जिससे आग लगने की घटना ही न हो।
कुछ दिन पहले आईएमटी मानेसर स्थित मारुति की वेंडर कंपनी सुब्रोस में आग लग गई थी। जिसमें वह पूरी तरह से खाक हो गई। सोमवार को सेक्टर-37 स्थित गारमेंट कंपनी ओरियंट क्रॉफ्ट में भी आग लगने की घटना हुई।
जिससे कंपनी के पहले मंजिल पर रखे माल पूरी जल गया। आए दिन इस प्रकार की घटना को देखते हुए देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति अपने कर्मचारियों को आग से बचाव का प्रशिक्षण दे रही है।
मारुति उद्योग कामगार यूनियन के महासचिव कुलदीप जांघू ने बताया कि कंपनी में इस समय शटडाउन है। जो 13 जून तक रहेगा। मगर साफ-सफाई और मेंटिनेंस का काम चल रहा है।
इस काम को करने वालों के लिए आग से बचाव का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जो लगातार चलेगा। इसका आयोजन कंपनी के वेल्डिंग डिपार्टमेंट में हुआ। यहां एक बड़े ट्रे में आग लगाई गई और उसे बुझाने की विधि फायर ऑफीसर ने सभी को बताई।