माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शारदीय नवरात्र में ग्रेटर नोएडा के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। दस दिनों में जिले के बाजारों में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। पिछले साल के मुकाबले इस बार कारोबार में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कपड़े, वाहन, सोने-चांदी के आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सबसे अधिक खरीदारी हुई। दादरी के पुराने बाजार में भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी।
ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते बाजारों में छाई सुस्ती और पितृ पक्ष के दौरान कारोबार प्रभावित होने के बाद नवरात्र ने व्यापारियों को बड़ी राहत दी। जगत फार्म, रामपुर मार्केट, तुगलपुर, ऐच्छर बाजार के साथ सेक्टरों और सोसाइटियों की मार्केट में भी खरीदारों की रौनक रही। दादरी, सूरजपुर और कासना के बाजारों में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारियों ने विशेष ऑफर दिए, जिसका असर कारोबार पर दिखाई दिया।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 50 प्रतिशत की उछाल आई है। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने वाहन खरीदे हैं। इनमें दोपहिया वाहनों की संख्या अधिक रही। लोग अब अपने ऊपर खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।-मनोज गर्ग, प्रदेश मंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल
नवरात्र में कारोबार अच्छा रहा और सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 20 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की गई। अमेरिका के साथ भी कारोबार बढ़ा है। उम्मीद है कि दिवाली तक बाजारों में इसी तरह तेजी बनी रहेगी।-शुभम अग्रवाल, अध्यक्ष चैंबर ऑफ एक्सपोर्टर्स
दादरी के बाजार में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इस बार ग्राहकों की भीड़ अधिक रही और लोगों ने जमकर खरीदारी की। उम्मीद है कि दिवाली तक बाजारों में यही रौनक बनी रहेगी।-मनोज गोयल, अध्यक्ष व्यापार मंडल दादरी