जाते साल को अलविदा कहने और नए साल के स्वागत के लिए लोगों ने इस बार खास तैयारियां कर रखी हैं। इसके चलते शहर के मॉल्स और बाजारों में रौनक दिखने लगी है।
शहर के सभी मॉल्स को लाइटों से सजा दिया गया है। बाजारों में भी लोगों की भीड़ जुटने लगी है। शहर की सबसे बड़ी अट्टा मार्केट में खरीदारी करने वालों का हुजूम दिखने लगा है। दुकानों पर घर की सजावट से लेकर नए साल की पार्टी तक के लिए सभी सामान दिखने लगे हैं।
शहर के सबसे बड़े मॉल जीआईपी और मॉल ऑफ इंडिया समेत सभी मॉल्स अंदर से लेकर बाहर तक पूरी तरह सज गए हैं। एसोसिएट मार्केटिंंग डायरेक्टर शमीम अनवर ने बताया कि वर्ल्ड्स ऑफ वंडर पार्क में इस बार कुछ अलग देखने को मिलेगा।
इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को यहां विशेष कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही बड़े शोरूम पर लोगों को लुभाने और स्टॉक क्लियरेंस के लिए कई तरह के ऑफर भी शुरू कर दिए गए हैं।
अट्टा मार्केट में सजावट का सामान बेचने की दुकान करने वाले राजेश ने बताया कि क्रिसमस से ही उन्होंने अपनी दुकान में विशेष सामान रख दिया था। इस बार कई वस्तुओँ की कीमत में जीएसटी के चलते कुछ बढ़ोतरी हुई है, लेकिन शहरवासी न्यू ईयर की तैयारियों के लिए सामान खरीदने आने लगे हैं।