लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को छोड़ सभी प्रमुख पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा और इनेलो के घोषित उम्मीदवारों में एक समानता है।
दोनों इस बार अपनी-अपनी मूल पार्टी छोड़ नई पार्टी के टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव मैदान में एक बार फिर दोनों आमने-सामने होंगे। गुड़गांव लोकसभा सीट के लिए सबसे पहले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेंद्र यादव के नाम का ऐलान हुआ।
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित ‘आप’ हरियाणा में पहली बार चुनाव लड़ रही है। पार्टी के घोषित उम्मीदवार ने जीत के लिए यहां प्रचार भी शुरू कर दिया। इसके बाद बसपा ने अपने उम्मीदवार धर्मपाल राठी कोटा के नाम का ऐलान किया। फिर इनेलो और भाजपा ने उम्मीवारों के नाम की घोषणा की।
पिछले लोकसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह और जाकिर हुसैन अलग-अलग पार्टियों से चुनाव मैदान में थे। इस बार भी दोनों चुनाव मैदान में हैं, लेकिन पार्टियां बदल गई हैं। बसपा की टिकट से चुनाव लड़ने वाले जाकिर हुसैन इनेलो में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी ने गुड़गांव सीट से ही चुनाव में उतारा है।
उधर, पिछले बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले सांसद राव इंद्रजीत इस बार भाजपा-हजकां गठबंधन की नइया में सवार हैं। पिछले चुनाव में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस बार भी ऐसा ही कुछ होने की उम्मीद है।
वहीं सत्तारूढ़ दल से अभी तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। कुल मिलाकर बिसात बिछ चुकी है, सभी प्रत्याशी अपने जीत को लेकर दावे शुरू कर चुके हैं। देखना यह है किस प्रत्याशी के दावों पर जनता यकीन करती है।