दिल्ली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जमानत पर हैं। इसलिए उन्हें संवैधानिक पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्हें पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार झूठ की इमारत पर खड़ी है, लेकिन भाजपा उनके झूठे आरोपों का निरंतर पर्दाफाश करती रही है। तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सरकार के ऊपर 2 हजार करोड़ के घपले के आरोप की शिकायत लोकायुक्त और एसीबी में की गई है।
उधर, दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में सरकार चला रहे हैं या नौटंकी कर रहे हैं। अब तक के कार्यकाल में केजरीवाल पीएम मोदी को अपशब्द कहते रहे और जब चुनाव आया तो गिरगिट की तरह रंग बदल लिया।
उन्होंने सवाल किया कि देशद्रोह के मामले में कन्हैया कुमार की फाइल को अब तक रोककर क्यों रखा? दिल्ली के लिए आयुष्मान भारत योजना क्यों लागू नहीं की? प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत झुग्गी में रहने वाले लोगों को पक्का मकान देने से क्यों रोका? उन्होंने इन सवालों का दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है।