रामलीला मैदान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में महिला हुंकार रैली का आयोजन किया गया। महिला मोर्चा की ओर से आयोजित रैली में भाजपा नेताओं ने महिलाओं की सुरक्षा पर केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही 2019 के चुनाव में एक बार फिर देश की सत्ता नरेंद्र मोदी को सौंपने का संकल्प लिया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कहा कि 2012 में गुजरात महिला मोर्चा की बहनों ने संकल्प लिया था कि 2014 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। अब दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दिल्ली की बहनों ने फिर देश की बागडोर नरेंद्र मोदी को सौंपने का संकल्प लिया है। इसे पूरा करने के लिए अन्य प्रदेशों में भी हुंकार रैली आयोजित होगी।
श्याम जाजू ने कहा कि प्रत्येक घर में महिलाओं की भागीदारी को कोई भी नकार नहीं सकता। महिलाओं के सम्मान के प्रति भाजपा प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के संपूर्ण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
हुंकार रैली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन, केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, दिल्ली भाजपा पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सांसद महेश गिरी, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, डॉ. उदित राज, मीनाक्षी लेखी, नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता, मिजोरम प्रदेश प्रभारी पवन शर्मा, दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया, रविन्द्र गुप्ता, महिला मोर्चा महामंत्री संतोष गोयल, लता गुप्ता सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थिति थे।