साइबर सिटी गुरुग्राम में मणप्पुरम गोल्ड की शाखा में बृहस्पतिवार को हुई 33 किलो गोल्ड व 7.8 लाख रुपये की नगदी डकैती के मामले में पुलिस आरोपियों की पहचान कराकर उनकी तलाश में जुट गई है।
हालांकि अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं, लेकिन पुलिस को उम्मीद है कि वह इस मामले का खुलासा जल्द ही कर देगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर चल रही है और मामले के खुलासे के लिए कई टीमें लगी हुई हैं।
पुलिस की कुछ टीमें शुक्रवार मणप्पुरम गोल्ड की शाखा में दिनभर छानबीन करती रही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेने के साथ ही कुछ बदमाशों के फोटो भी शाखा के कर्मचारियों को दिखाए हैं, जिनमें कर्मचारियों ने आरोपियों की पहचान की है।
अब पुलिस इन्ही क्लू के आधार पर आगे बढ़ रही है। इसके अलावा बदमाश एक कर्मचारी को मोबाइल भी साथ लेकर गए हैं। इस मामले में पुलिस मानकर चल रही है कि बिना रेकी के इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सकते।
साथ ही पुलिस ने उस रजिस्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आगंतुकों की एंट्री दर्ज की जाती है। यह एंट्री आईडी देखकर दर्ज होती है। वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश ने भी अपनी एंट्री दर्ज कराई थी, जिस पर उसका पता जींद रोड दर्ज है।