आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक का कहना है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी दिल्ली में कई अभियान चला रही है। आने वाले समय में और भी कई अभियान चलाए जाएंगे। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आप का कार्यकर्ता सम्मेलन जारी है। अभी तक 18 विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन का सफल आयोजन हो चुका है। सोमवार को छतरपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा। हर विधानसभा में जाकर लोगों से जुड़ रहे हैं। उन्हें पिछले साढ़े चार सालों में किए गए काम की जानकारी दे रहे हैं। सीधे जनता से संवाद कर रहे हैं। विधानसभा स्तर पर बूथ मैपिंग का काम भी जारी है।
20 अगस्त से ऑटो संवाद अभियान
गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी बनाई तो पूरी दिल्ली में ऑटो चालक भाइयों को सम्मान मिलने लगा। लोग जानने लगे कि ऑटो चालकों की भी कोई इज्जत होती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले कोई ऑटो चालकों की सुनने वाला नहीं था। 20 अगस्त से पूरी दिल्ली के अंदर ऑटो संवाद अभियान शुरू करना है। इसमें विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दिल्ली सरकार द्वारा किए गए कामों को लोगों तक पहुंचाएंगे।
सीएम के काम से डर कर भाजपा ने जेल में डाला : सिसोदिया
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पदयात्रा के तीसरे दिन देवली विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद किया। ग्रेटर कैलाश से शुरू हुई पदयात्रा पटपड़गंज के बाद देवली के संगम विहार पहुंची तो सिसोदिया से मिलने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने साफा बांध और तलवार भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सिसोदिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के काम से डर कर भाजपा ने उन्हें जेल में डाला। दिल्ली में स्कूल-अस्पताल, बिजली, पानी, महिलाओं का बस में सफर, बुजुर्गों की तीर्थयात्रा मुफ्त है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जब उनके खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो झूठे गवाह तैयार किए और आतंकवादियों पर लगने वाली धाराएं लगाकर जेल में डाल दिया, ताकि जमानत न मिले।