फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में संगीतकार का कत्ल: मैतेई समुदाय के मणिपुरी कलाकार की पीट-पीटकर हत्या, एक नाबालिग समेत सात पकड़े

Mon, 07 Sep 2026 10:30 PM IST
Akash Dubey अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

किलोकरी गांव में शोर-शराबे और शराब पीने का विरोध करने पर 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार सी विक्रम सिंह की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को पकड़ा है।
विज्ञापन
पीट-पीटकर हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के किलोकरी गांव में अपने फ्लैट के बाहर शोर मचाने और शराब पीने का विरोध करने पर 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पीड़ित संगीतकार ने डिलीवरी कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों के द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे और शराब पीने का विरोध किया था। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक नाबालिग पकड़ा गया है।

विज्ञापन

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि सनलाइट कॉलोनी थाने को मणिपुर निवासी सी विक्रम सिंह पिता वीरेंद्र कुमार की पिटाई के संबंध में पीसीआर कॉल मिली थी। सिंह कई वर्षों से किलोकरी गांव में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सिंह ने अपने घर के बाहर छह लोगों द्वारा शोर-शराबा करने और शराब पीने पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार सिंह के बेटे यैफाबा उन्हें इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले गए, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हमले और सिंह की मौत की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी (नेसडू) ने सिंह के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें सम्मानित मणिपुरी संगीतकार बताया। संगठन ने कहा है कि रिपोर्ट के अनुसार, किलोकरी स्थित अपने आवास से नीचे आने के बाद सिंह ने अपार्टमेंट के बाहर शराब पी रहे और हंगामा कर रहे छह लोगों से आवाज कम करने का अनुरोध किया था। 

इसके बाद कथित तौर पर समूह ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई। नेसडू ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे बेवजह की हिंसा करार दिया और अधिकारियों से मामले की तेज, निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

आपित्त जताई थी
शुरुआती जांच से पता चला कि मृतक एक रिटायर्ड म्यूजिशियन थे और उन्होंने अपने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे और उपद्रव पर आपत्ति जताई थी। जब विक्रम सिंह नीचे आए और उन लोगों को टोका तो उनके साथ मुक्कों और घूसों से मारपीट की गई। उन्हें चोटें आईं और बाद में उनके बेटे याइफाबा उन्हें इलाज के लिए होली फैमिली हॉस्पिटल ले गए। इलाज के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई। हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों (नाबालिगों सहित) को पकड़ लिया गया है।
विज्ञापन

पकड़े गए आरोपी
सैनी ढाबा पर भोजन खिलाने वाला जीवन नगर निवासी भरत कुमार (19) पुत्र पप्पी चौहान, सैनी गली, भगवान नगर निवासी प्रमोद (26) पुत्र राजपाल, वाल्मिकी मंदिर, सनलाइट कॉलोनी-I निवासी रमजान खान (22) पुत्र कुद्दुस खान, सैनी ढाबा पर फूड पैकेजिंग का काम करने वाला ईस्ट गोकुलपुरी, अमर कॉलोनी निवासी दीपांशु (21) पुत्र रमेश चंद, सैनी ढाबा पर पैकेजिंग का काम करने वाला मोहन विश्वकर्मा (32) पुत्र दुर्गा, अन्नपूर्णा ढाबा पर वेटर का काम करने वाला किलोकरी निवासी विजय (36) पुत्र इंद्रपाल और डायमंड पिज्जा कियॉस्क का काम करने वाला किलोकरी निवासी मन्नू (26) पुत्र ईश्वरी साहू को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सैनी ढ़ाबे पर काम करने वाले 15 वर्ष के एक नाबालिग को पकड़ा गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें