बाहर से पीले और अंदर कच्चे होते हैं कृत्रिम रूप से पकाए आम
फल व्यपारियों के अनुसार कृत्रिम रूप से पकाए गए आम बाहर से पूरी तरह पीले और आकर्षक दिखाई देते हैं, लेकिन कई बार अंदर से कच्चे रहते हैं। इनमें प्राकृतिक रूप से पके आमों जैसी खुशबू और स्वाद भी नहीं होता। ग्राहकों का कहना है कि चमकदार और एक समान रंग वाले आम खरीदने के बावजूद कई बार स्वाद उम्मीद के अनुरूप नहीं मिलता।
बीमार कर सकते हैं ये आम
डॉक्टरों का मानना है कि रसायनों की मदद से पकाए गए फलों के सेवन से पेट दर्द, दस्त, उल्टी, सिरदर्द, चक्कर आना और गले में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर अधिक गंभीर हो सकता है। यही कारण है कि बाजार में बिकने वाले फलों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर नियमित निगरानी की मांग लगातार उठ रही है।
जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों का हो पालन
उपभोक्ताओं का कहना है कि फलों की जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका मानना है कि प्राकृतिक तरीके से पकाए गए फलों को बढ़ावा देने और नियमों का सख्ती से पालन कराने से लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण फल मिल सकेंगे। गर्मी के इस मौसम में विशेषज्ञ लोगों को आम खरीदते समय सावधानी बरतने और फल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हैं, ताकि स्वाद के साथ स्वास्थ्य भी सुरक्षित रह सके।
इन बातों का रखें ध्यान
-बहुत अधिक चमकीले और एक समान पीले रंग के आमों की जांच-परख कर खरीदें।
- प्राकृतिक रूप से पके आमों में हल्की और मीठी खुशबू आती है।
- आम को अच्छी तरह धोकर ही सेवन करें।
- खरीदने के बाद कुछ समय पानी में भिगोकर रखने से सतह पर मौजूद अशुद्धियां हटाने में मदद मिल सकती है।
ऐसे आम न खरीदें
कार्बाइड से पकाए गए आम स्वास्थय के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। कैल्शियम कार्बाइड से निकलने वाली गैसों में हानिकारक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं। ऐसे आम खाने से पेट दर्द, गैस, उल्टी, दस्त, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक इनके सेवन से तंत्रिका तंत्र और अन्य अंगों पर भी असर पड़ सकता है। आम खरीदते समय प्राकृतिक रूप से पके हुए आमों का चयन करें। बहुत अधिक चमकीले, एक जैसे पीले रंग वाले या अंदर से कच्चे और बाहक से पूरी तरह पीले दिखने वाले आम कार्बाइड से पकाए गए हो सकते हैं। - श्रीमती गरिमा तिवारी. मुख्य क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट, क्लिनिकल न्यूट्रिशन एवं डाइटेटिक्स विभाग, शारदाकेयर- हेल्थ सिटी