गुड़गांव के गांव ग्वालियर (पंचगांव) की पंचायत ने खेल यूनिवर्सिटी खोलने के लिए 100 एकड़ भूमि मुफ्त में दे दी। इस जमीन की कीमत इस समय करीब सौ करोड़ रुपये है।
पंचायत ने यह प्रस्ताव इसलिए पास किया है ताकि यूनिवर्सिटी बने और उसमें पढ़ लिखकर व खेलकूद कर उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो।
इस निर्णय पर महाशय खुबीराम ट्रस्ट के चेयरमैन इंद्रजीत यादव व कॉमनवैल्थ पदक विजेता परमजीत पहलवान सहित कई गांवों के प्रमुख लोगों ने खुशी जताई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने यहां पर यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा की थी। यह खेल यूनिवर्सिटी होगी।
प्रस्ताव के वक्त गांव कुकडोला, ग्वालियर, चांदला-डूंगरवास, फाजिलवास, पुखरपुर, मोकलवास, सहरावन, नैनवाल, बाघनकी, खेड़की, राजाकी ढाणी, जोनियावास, ताजनगर, जमालपुर, घोषगढ, कासन, खो, जनौला, बांसलांबी, रामपुरा, खरखड़ी, सफेद नगर, जोड़ी, ततारपुर, सांपका व फाजिलपुर बादली के प्रमुख लोग महाशय खुबीराम ट्रस्ट कार्यालय फाजिलपुर बादली में एकत्रित हुए।
परमजीत पहलवान व इंद्रजीत यादव ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय खोलना युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होगा। यहां के युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वर्षों पहले गुड़गांव जिले के युवा खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। लेकिन कुछ दिनों तक ऐसा दौर भी आया कि साधन और प्रशिक्षकों के अभाव में खेल के क्षेत्र में यह इलाका पिछड़ता चला गया।