तुगलपुर स्थित सब्जी मंडी में फलों के 20 से अधिक खोखों में शुक्रवार तड़के आग लग गई। कुछ ही देर में आग नेे विकराल रूप धारण कर लिया। आगजनी की सूचना डायल-100 पर दी गई। पुलिस कुछ देर में मौके पर पहुंच गई, लेकिन दमकल वाहन नेे पहुंचने में देरी की। आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
विक्रेताओं ने बताया कि लोहड़ी और मकर संक्रांति के लिए उन्होंने फलों की खरीदारी की थी। बृहस्पतिवार रात वह अपने खोखे बंद करके चले गए थे। कुछ लोग मंडी में सो रहे थे। शुक्रवार तड़के आग लग गई। आग की तपिश से एक व्यक्ति की नींद खुल गई, तो उसने फोन कर पुलिस कंट्रोल रूम व अन्य लोगों को सूचना दी।
विक्रेताओं का आरोप है कि दमकल वाहन को पहुंचने में देरी हुई। इसके चलते 20 से अधिक खोखे और उनमें रखे फल जल गए। विक्रेताओं का कहना है कि हर खोखे पर लगभग 80 हजार से एक लाख रुपये तक का सामान था। आगजनी शॉर्ट सर्किट से हुई है। पुलिस भी शॉर्ट सर्किट से ही आगजनी का अंदेशा जता रही है।
विक्रेताओं का कहना है कि वह पहले ही नोटबंदी की मार झेल रहे थे। त्योहारों के मद्देनजर उन्होंने ब्याज पर रुपये लेकर फल व अन्य सामान की खरीदारी की थी। आगजनी के कारण वे बर्बाद हो गए हैं। जिला प्रशासन से मिलकर मुआवजे की मांग करेंगे। आगजनी में दानिश, जीतू, फुरकान, विजय, इंदर, सदाशिव, विक्की, इमरान, हरि, अली हसन, पूरन, सुल्तान, यूनुस, अब्बा, मोटा, सईद, भरत, प्रदीप और जफर आदि के खोखेे जले हैं।
आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाया। इससेे आग अन्य दुकानों व खोखों तक नहीं पहुंची। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। -मनीष कुमार शर्मा, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी