दक्षिण दिल्ली में जाम से मिलेगी राहत, सड़क की चौड़ाई 30 फुट से बढ़ाकर 200 फुट करने की योजना पर आगे बढ़ेगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली में मांडी-जौनापुर रोड पर लगने वाले जाम की समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। केंद्र सरकार ने इस सड़क को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन लाने के प्रस्ताव पर विचार के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। इस सड़क के एनएचएआई के अधीन आने से इसके चौड़ीकरण और विकास का रास्ता खुल सकता है। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लोकसभा में नियम 377 के तहत उठाने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मांडी-जौनापुर रोड को एनएचएआई के अधीन लेने की मांग की थी।
गडकरी ने अपने जवाब में कहा है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के महत्व को देखते हुए मांडी-जौनापुर रोड को नए हाईवे निर्माण कार्यक्रम में विचार के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी सड़क को एनएचएआई के अधीन लाने से पहले निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन करना होता है।
मांडी-जौनापुर रोड दक्षिण दिल्ली में यातायात जाम का प्रमुख कारण बनी हुई है। यह सड़क फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड और महरौली-गुरुग्राम रोड को जोड़ती है। इन दोनों प्रमुख सड़कों पर यातायात का जिम्मा एनएचएआई के पास है, लेकिन इनके बीच संपर्क का महत्वपूर्ण मार्ग होने के बावजूद मांडी-जौनापुर रोड पर वाहनों का दबाव बना रहता है।
मास्टर प्लान में इस सड़क की चौड़ाई 200 फुट निर्धारित दर्शाई गई है, जबकि मौके पर इसकी चौड़ाई करीब 30 फुट ही है। इस वजह से वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है और इसका असर आसपास के प्रमुख मार्गों पर भी पड़ता है।