सेक्टर-85 निवासी अभिषेक प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अपने घर में सोफे की सफाई कराने के लिए गूगल पर अर्बन कंपनी का नंबर सर्च किया। कॉल करने पर अभिषेक को बताया गया कि आप घर पर बुलाकर सोफा साफ कराना चाहते हैं तो पहले 49 रुपये रिक्वेस्ट चार्ज ऑनलाइन जमा कराना होगा। इसके बाद कॉल पर बात करने वाले ने वीडियो कॉल की और कंपनी की पॉलिसी के अनुसार ऑनलाइन पेमेंट करने के बारे में बताते हुए मोबाइल की स्क्रीन शेयर करने के लिए कहा।
जैसे ही अभिषेक ने 49 रुपये की पेमेंट करने के लिए पिन कोड डाला तो जालसाज ने खातें में बैलेंस देख लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से एक लाख रुपये कटने का मैसेज मिला। जब अभिषेक ने उस नंबर पर दोबारा संपर्क करके रुपये कटने के बारे में पूछा तो रिफंड करने की बात कहकर अगले दिन कॉल करने के लिए बोला।
इसके बाद जालसाज ने दोबारा वीडियो कॉल करके नेट बैंकिंग के बारे में बताया और 95,680 रुपये व 50 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली। इसके बाद जालसाज ने उसका फोन नहीं उठाया। इसके बाद अभिषेक प्रकाश को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।