दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में पढ़ना महंगा हो गया है। डीटीयू ने वर्ष 2023-24 की तुलना में अलग-अलग पाठ्यक्रमों में तीन से लेकर 18 फीसदी से अधिक की फीस वृद्धि की है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दाखिला लेने वालों के लिए वार्षिक फीस स्ट्रक्चर जारी करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।
डीटीयू ने बीटेक, बैचलर ऑफ डिजाइन, बीबीए, बीए इकोनॉमिक्स (आनर्स), एमटेक, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (पार्ट टाइम), एमबीए, एक्जीक्यूटिव एमबीए, एमए इकोनॉमिक्स, मास्टर ऑफ डिजाइन, पीएचडी सहित कई दूसरे पाठ्यक्रमों को लेकर फीस का स्ट्रक्चर जारी किया है। इसमें सबसे ज्यादा फीस एमए (इकोनॉमिक्स) पाठ्यक्रम में 18 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
एल्युमनी के लिए भी होगा पंजीकरण
एमटेक पाठ्यक्रम में 43200 रुपये और मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (पार्ट टाइम) में 40 हजार रुपये फीस को कम किया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रमों की फीस में एल्युमनी एसोसिएशन लाइफ मेंबरशिप पंजीकरण के लिए एक हजार रुपये फीस में शामिल किए हैं।
विदेशी छात्रों के लिए भी बढ़ी फीस
डीटीयू ने विदेशी छात्रों के लिए भी फीस में इजाफा किया है। डीटीयू में सीधा दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए पीएचडी पाठ्यक्रम में वर्ष 2023-24 में 2500 डॉलर फीस थी जो 6112 डॉलर कर दी गई है। इसी तरह से यूजी पाठ्यक्रमों की 6100 डॉलर से 7112 डॉलर और पीजी पाठ्यक्रम की 5800 डॉलर से 6112 डॉलर फीस कर दी गई है।