दिल्ली-मथुरा ईएमयू में बृहस्पतिवार रात हुई वारदात पर अब सियासत शुरू हो गई है। शनिवार को सीपीआईएम की पोलिट ब्यूरो सदस्य वृंदा करात पार्टी के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ खंदावली गांव पहुंचीं। उनके साथ राज्यसभा सांसद मोहम्मद सलीम भी पीड़ित परिवार के घर संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह हादसा दो गुटो के आपसी झगड़े का परिणाम नहीं, बल्कि सांप्रदायिक इरादों के साथ आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए हमले का नतीजा है।
शोक संतप्त परिवार और गांव के लोगों से मिलने के बाद माकपा नेतृत्व ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। करात ने कहा कि खेद की बात है, कुछ लोग इस घटना को दो गुटों का झगड़ा बनाकर पेश करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि यह बिना किसी उकसावे के कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा मासूम लोगों पर किया गया एकतरफा हमला है। देश और प्रदेश की सत्तासीन भाजपा द्वारा नफरत की राजनीति को जिस तरह से प्रोत्साहन दिया जा रहा है, उससे इस तरह के आपराधिक तत्वों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शर्म की बात है कि ऐसी जघन्य वारदात के बावजूद सरकार और प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि पीड़ित परिवार को सांत्वना देने तक भी नहीं पहुंचा है।
पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इस हमले में संलिप्त सभी अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने, घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने तथा पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी नेतृत्व ने तमाम देशप्रेमी, सद्भाव प्रेमी नागरिकों, जनसंगठनों एवं राजनैतिक दलों से अपील की है कि वे नफरत की राजनीति के खिलाफ और न्याय के लिए प्रतिरोध संगठित करते हुए साम्प्रदायिक सौहार्द की रक्षा करें।