कविनगर थाना क्षेत्र के चिरंजीव विहार में बुधवार को दिनदहाड़े कपड़ा कारोबारी की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर तीन शूटर फायरिंग करते हुए बाइक फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्ट्या मामला रुपयों के लेनदेन के विवाद का लग रहा है। पुलिस का कहना है कि कुछ अहम सुराग मिले हैं। जांच की जा रही है।
चिरंजीव विहार सेक्टर-6 निवासी अमित सेठ (45) कपड़े के बड़े व्यापारी थे। वह फाइनेंस व प्रॉपर्टी का कारोबार भी करते थे और लालकुआं क्षेत्र में पार्टनरशिप में बैंक्वेट हॉल बनवा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार लेकर घर से निकले। थोड़ी दूर पहुंचते ही बाइक पर आए तीन शूटर अमित सेठ को गोलियों से छलनी कर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में उन्हें यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक अमित को चार गोलियां लगी हैं।
लेनदेन के विवाद में हत्या
अमित सेठ शिवसेना के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष महेश आहूजा के भांजे थे। उनकी हत्या के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि अमित ब्याज पर मोटी रकम देते थे। इसके अलावा कई कारोबारों से वह जुड़े हुए थे। हत्या के पीछे रुपयों के लेनदेन का विवाद हो सकता है।
रेकी के बाद वारदात, ढका हुआ था चेहरा
शूटर्स ने कई दिन की रेकी के बाद दिनदहाड़े हत्याकांड को अंजाम दिया। हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहना हुआ था और साथ ही गमछे से चेहरा भी ढका हुआ था। इसके अलावा वारदात में बिना नंबर की बाइक का इस्तेमाल किया गया।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी लगे हैं और उनमें पूरी घटना कैद हो गई है। हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मुख्य मार्ग के अलावा संपर्क मार्गों की फुटेज खंगालने के लिए भी पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
अमित कपड़े के अलावा फाइनेंस व प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। रुपयों के लेनदेन का विवाद हत्या की वजह हो सकता है। कुछ सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
- सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी