पुलिस की अपराध शाखा ने कंझावला इलाके में चार फरवरी को मिली युवक की सिर कटी लाश की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपियों को दबोचा है।
इनकी पहचान पंकज उर्फ योगेश उर्फ योगी (26) और सोनू उर्फ मनोज उर्फ चीकू (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने मामूली बात पर अपने दोस्त के साथ मिलकर अनिल उर्फ मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
बाद में उसकी पहचान छुपाने के लिए सिर को धड़ से अलग कर दिया गया। पुलिस को अभी बाकी आरोपियों के अलावा मृतक के सिर की भी तलाश है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि चार फरवरी को कंझावली इलाके में एक युवक की सिर कटी नग्न लाश बरामद हुई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा ने मामले की छानबीन शुरू की। बाद में मृतक की शिनाख्त अनिल उर्फ मोनू के रूप में हुई है।