मूलरूप से गांव उसरी पोखर, दरभंगा बिहार का रहने वाला हत्यारोपी पति राजीव पोद्दार ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी पहले से ही छह साल, चार साल और तीन साल की तीन बेटियां हैं। अब तीन माह से उसकी पत्नी फिर गर्भवती थी। वह चार लड़कियों का खर्च नहीं उठा सकता था। इस बात को लेकर घर में पत्नी से झगड़ा रहता था। झगड़े की वजह से उसने पत्नी की हत्या कर दी।
एएसपी मनीषा सिंह ने बताया कि हत्यारोपी पति राजीव ने बताया कि 19 अगस्त को ही उसने पत्नी संजना की हत्या कर दी थी। रात में हत्या के बाद उसने शव बोरे में रखा और मोपेड पर आगे खाली जगह पर लाद लिया। देर रात करीब दो बजे वह शव को क्रासिंग्स सिटी के पास नाले में फेंक दिया था।
पुलिस को चकमा देने के लिए 22 अगस्त को राजीव पोद्दार खुद विजयनगर थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी। उसने बताया था कि पत्नी कहीं चली गई है। इसके बाद पुलिस भी उसे तलाश रही थी। 25 अगस्त को संजना का शव सड़ी गली हालत में मिला था, इसकी वजह से उसकी शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा था।