बातचीत के बाद मिलने जुलने लगे थे दोनों
पकड़े गए आरोपी की पहचान सुंदर नगरी निवासी रिजवान (19) के रूप में हुई है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद सायरा ने रिजवान से बातचीत के अलावा मिलना भी शुरू कर दिया था, लेकिन उसने रिजवान के प्यार के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। इस बीच रिजवान ने सायरा को किसी अन्य युवक के साथ देख लिया।
हत्या के बाद करनाल भाग गया था रिजवान
रिजवान ने सायरा को उस युवक से दूर रहने के लिए भी कहा, लेकिन सायरा ने इसके लिए मना कर दिया। बदला लेने की नियत से रिजवान ने योजना बनाकर सायरा की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हरियाणा के करनाल भाग गया था। अब पुलिस आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी से हुई पहचान
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय कुमार सैन ने बताया कि जीटीबी एंक्लेव में सायरा की हत्या के बाद सनसनी फैल गई थी। लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा के इंस्पेक्टर पंकज मलिक, रोहित कुमार व अन्यों की टीम ने पड़ताल की। सीसीटीवी से आरोपी रिजवान की पहचान हो गई।
ढाबे से दबोचा गया रिजवान
छानबीन के दौरान आरोपी अपने घर से गायब मिला। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी हरियाणा के करनाल भाग गया है। एक टीम को तुरंत वहां भेजा गया। बुधवार देर रात रिजवान को करनाल के एक ढाबे से दबोच लिया गया। आरोपी ने उसे समय वह ही कपड़े पहने हुए थे जो वारदात के समय पहने हुए थे।
एक झलक देखकर हो गया था रिजवान को सायरा से प्यार...
पूछताछ के दौरान रिजवान ने सायरा की हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि करीब तीन माह पूर्व आनंद ग्राम इलाके में काम के दौरान उसने सायरा को देखा था। एक झलक देखते ही उसे सायरा से प्यार हो गया। उसने इंस्टाग्राम पर सायरा को ढूंढा तो वह उसे मिल गई। पहले पहले इंस्टा पर चैट करने लगे। बाद में कॉल पर बात भी होने लगी।
दूसरे लड़के को छोड़ने को राजी नहीं थी सायरा
कुछ दिनों बाद रिजवान कई बार सायरा से मिला। उसने सायरा के सामने प्यार का प्रस्ताव रखा, लेकिन उसने मना कर दिया। इस बीच एक सूनसान जगह पर रिजवान ने सायरा को एक अन्य युवक के साथ देखा। उसने सायरा से उस लड़के को छोड़ने के लिए कहा तो वह इसके लिए तैयार नहीं हुई। रिजवान को सायरा पर गुस्सा आ गया।
बना ली सायरा की हत्या की योजना...
दूसरे युवक के साथ सायरा को रिजवान बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। उसने सायरा की हत्या की योजना बनाई। 12 अप्रैल को वह अपने दोस्त से तमंचा व कुछ कारतूस लेकर आया। 14 अप्रैल को रिजवान ने सायरा से इंस्टा पर संपर्क किया। रात आठ बजे उसे कॉलोनी के गेट पर मिलने के लिए कहा गया। रात को सायरा वहां पहुंच गई। बातचीत करते हुए वह सायरा कुछ दूर ले गया। उसने सायरा से दोबारा दूसरे युवक को छोड़ने के लिए कहा कि सायरा ने इनकार कर दिया। इस बात पर आग बबूला हो गया और उसने तमंचा निकालकर सायरा को दो गोली मार दी। बाद में वह मौके से भाग गया। जाते-जाते उसने तमंचा फरमान नामक युवक को दे दिया। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
राहुल हत्याकांड से संबंध है या नहीं पता लगा रही पुलिस...
नवंबर माह में छेड़छाड़ का विरोध करने पर सलमान और अरबाज नामक युवक ने राहुल नामक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। दरअसल सलमान सायरा के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। राहुल ने इसका विरोध किया था। सबक सिखाने की नियत से वारदात को अंजाम दिया गया। सायरा इस मामले की मुख्य गवाह थी।
वहीं रिजवान भी सुंदर नगरी का रहने वाला है, इसका भाई फारूक नंद नगरी थाने का बीसी है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि राहुल हत्याकांड से सायरा हत्याकांड के तार तो नहीं जुड़े। पुलिस इसका पता लगा रही है। रिजवान के परिवार में माता-पिता के अलावा छह भाई व दो बहन हैं, वह वेल्डिंग का काम करता है।
इंस्टाग्राम मैसेज चलाने के लिए लेता था गूगल ट्रांसलेट की मदद...
रिजवान महज नौवीं कक्षा तक पढ़ा था। लेकिन उसे सोशल मीडिया का जबरदस्त क्रेज था। यही वजह था कि वह अंग्रेजी के मैसेज को ट्रांसलेट करने के लिए गूगल ट्रांसलेट की मदद लेता था। सायरा भी अंग्रेजी में मैसेज लिखती थी। वह उनको डिकोड करने के लिए दूसरे एप का भी इस्तेमाल करता था। रिजवान को लोकल पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।