कमला मार्केट इलाके में एएसआई की गिरफ्त से खुद को आजाद कराने की कोशिश में बदमाश ने एएसआई की सर्विस रिवाल्वर पर जोरदार हाथ मार दिया, जिससे गोली चल गई। गोली वहां मौजूद राहगीर ई-रिक्शा चालक के पैर में जा लगी। घायल को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी सदर बाजार निवासी संदीप से पीड़ित का मोबाइल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित मुईनुद्दीन (33) परिवार के साथ जाकिर हुसैन कॉलेज के पास रहता है। उसका कार डेंटिंग पेंटिंग का काम है। शुक्रवार देर रात को वह अजमेरी गेट शौचालय के पास से गुजर रहा था। इसी बीच बदमाश संदीप उसका मोबाइल छीनकर भागने लगा।
मुईनुद्दीन शोर मचाता हुआ, उसके पीछे भागा। तभी गश्त कर रहे कमला मार्केट थाने के एएसआई रणधीर शोर सुनकर बदमाश के पीछे भागे और कुछ दूरी पर जाकर उसे दबोच लिया। बदमाश रणधीर से खुद को आजाद कराने की कोशिश करने लगा।
इस दौरान आरोपी ने एएसआई के रिवाल्वर पर जोर से हाथ मार दिया, जिससे अचानक गोली चल गई और वहां से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक को जा लगी। बाद में मुईनुद्दीन की मदद से रणधीर ने बदमाश को काबू कर लिया।