दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश के कारण मौसम बदल गया है। सुबह से मौसम कभी धूप कभी छांव का खेल खेल रहा था। शाम के समय काले बादल और हवा के झोकों के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।
विज्ञापन
तेज बारिश के कारण शहर में कई जगह जलभराव हो गया। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम भी लग गया था।
बता दें कि मौसम विभाग के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने शुक्रवार को अनुमान व्यक्त किया था कि देश के 22 राज्यों में कुछ स्थानों पर अधिक बारिश हो सकती है। किसी भी तरह के नुकसान से बचने के लिए प्राधिकरण की तरफ से लोगों को ऐहतियाती उपाय करने को कहा गया है।
एनडीएमए ने ओडिशा के अंदरूनी, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शनिवार तक 25-35 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
गृह मंत्रालय के अनुसार इस मानसून सीजन में अब तक केरल के 488 लोगों समेत 10 राज्यों में 1400 से अधिक लोग बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें उत्तर प्रदेश में 254, उत्तराखंड में 37 लोग शामिल हैं।