दहेज में दो लाख नगदी और कार की मांग पूरी नहीं किए जाने पर विवाहिता से मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसके बाद पीछे से आकर तीन तलाक दे दिया। मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई है।
पुलिस ने बताया कि नगर के मोहल्ला मेवातियान निवासी मटरू मेवाती की बेटी गुलिस्तां का निकाह 10 मार्च 2018 को बुलंदशहर के गांव मीठेपुर निवासी शहजाद उर्फ मिन्नी के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ हुआ था। निकाह के दौरान मटरू मेवाती ने अपनी हैसियत से अधिक दहेज दिया था। निकाह के कुछ दिन तक तो सब ठीक रहा।
उसके बाद ससुराल के लोग गुलिस्तां से मारपीट कर दहेज में कार और दो लाख नगदी की मांग करने लगे। बेटी को परेशान करने पर बुधवार को वह उसकी ससुराल गए और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह दहेज की जिद पर अड़े रहे और विवाहिता से मारपीट कर दी।
घर से बाहर निकल कर जैसे ही विवाहिता पिता के साथ चलने लगी तो पीछे से पति शहजाद ने तीन बार तलाक कह दिया, जिससे परेशान होकर विवाहिता के परिजन सीधे एसएसपी के पास पहुंचे और शिकायत की। उसके बाद एसएसपी ने दादरी कोतवाली भेज दिया।
बृहस्पतिवार को गुलिस्तां के परिजन दादरी कोतवाली पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार से मिले और कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी मामले में संज्ञान लेते हुए जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।