जीबी रोड पर स्थित कोठा(सांकेतिक चित्र)
- फोटो : सोशल मीडिया
अब तक आपने हिंदी फिल्मों में देखा होगा कि हीरो को कोठे पर एक मासूम युवती से प्यार हो जाता है और उसको मुक्त कराने के लिए जमाने से लड़ जाता है। कुछ ऐसा ही मामला दिल्ली के जीबी रोड इलाके में सामने आया है।
यहां एक युवक को कोठे पर देह व्यापार करने वाली 18 साल की युवती से प्यार हो गया। फिर उसे मुक्त कराने के लिए युवक ने पुलिस व एक एनजीओ की मदद ली और अपने मकसद में कामयाब भी हो गया।
पुलिस ने जबरन देह व्यापार कराने के आरोप में कोठे की दो संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है। कमला मार्केट थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
नौकरी का झांसा देकर बेचा था सलमा को
जीबी रोड
- फोटो : सोशल मीडिया
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली सलमा (18, बदला नाम) को करीब दो साल पहले उसका एक जानकार नौकरी के बहाने दिल्ली लाया था। सलमा को जीबी रोड पर लाकर बेच दिया गया।
दिल्ली आने के समय वह सिर्फ 16 साल की थी। सलमा के मुताबिक, यहां उसकी मर्जी के खिलाफ उससे जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा। उसने मुक्त होने की आस भी छोड़ दी। कुछ माह पूर्व उसके पास एक ग्राहक आया।
अक्सर युवक उससे मिलने आने लगा। दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। लेकिन सलमा ने इसकी भनक कोठा संचालकों को नहीं लगने दी, वर्ना युवक के आने पर पाबंदी लगा दी जाती। युवक ने भी सलमा को इस दलदल से निकालकर उससे शादी करने का मन बना लिया।
एक एनजीओ की मदद से युवक पुलिस के पास पहुंचा। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार देर रात को कोठा नंबर-68 पर छापेमारी कर सलमा को मुक्त कराया और दो संचालिकाओं को गिरफ्तार कर लिया है। सलमा अपने प्यार को पाकर बेहद खुश है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोठे पर सील भी लगाई जा सकती है।