मेट्रोमोनियल साइट पर अपने को रजिस्टर्ड करने वाली महिलाएं सावधान। अपने जीवनसाथी की तलाश में आप हो सकते हैं ठगी के शिकार। अशोक विहार पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है जो खुद को तलाकशुदा बताकर मेट्रोमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल डाल रखा था।
वह साइट पर मौजूद महिलाओं से दोस्ती बढ़ाता था। महिलाओं का विश्वास जीतने के बाद उसे ठगी का शिकार बनाकर फरार हो जाता था। आरोपी की पहचान रोहिणी निवासी मनीष गुप्ता के रूप में हुई है।
जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूंबरे ने बताया कि गत 9 अक्तूबर को अशोक विहार की रहने वाली एक तलाकशुदा महिला ने ठगी की शिकायत दर्ज करवायी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि उसने अपना प्रोफाइल मेट्रोमोनियल साइट पर डाल रखा है।
व्हाट्सऐप पर बातें कर जीता विश्वास
इस साइट पर अपने जीवन साथी की तलाश करने के दौरान उसने मनीष गुप्ता का प्रोफाइल देखा। मनीष ने प्रोफाइल में खुद को तलाकशुदा और सफल कारोबारी बताया था।
संपर्क करने पर मनीष ने ईमेल से अपना बॉयोडाटा भेजा। जिसमें उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से पढने के बाद एमबीए करने की बात लिखी थी। खुद को उसने आयरन कारोबारी और सलाना आमदनी एक करोड़ रुपये बताया था।
उसके बाद दोनों अकसर मिलने लगे और व्हाट्सऐप पर उनकी बातें होने लगी। बातचीत के दौरान मनीष ने महिला का विश्वास जीत लिया। 8 जून और 16 जून को मनीष ने पर्स और डायमंड रिंग गायब होने की बात कहकर उससे रुपये की मांग की।
अकाउंट में डलवाया 25 हजार
शिकायतकर्ता ने उसके अकाउंट में पचास और 25 हजार रुपये डलवाए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता से बातचीत बंद कर दी। अपने को ठगा महसूस कर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की।
पुलिस ने मनीष के बैंक अकाउंट के जरिए जांच शुरू की। लेकिन जिस पते से उसने अकाउंट खुलवाया था। उस मकान को वह बेच चुका था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मनीष को दबोच लिया।
मनीष शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है। उसके फोन और अकाउंट की जांच में पता चला है कि आरोपी ने अब तक तीस महिलाओं से ठगी कर चुका है।