लिव इन पार्टनर ने फैशन डिजाइनर युवती से ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली। युवक शादी का झांसा देकर हिमाचल प्रदेश निवासी युवक चार महीने से लिव इन में रह रहा था। इस दौरान आरोपी ने कई बार बहाने बनाकर उनसे ढाई लाख रुपये लिए थे।
युवती की शिकायत पर कोतवाली फेज थ्री पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली फेज थ्री में रहने वाली युवती फैशन डिजाइनर है। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करती है। युवती के मुताबिक चार माह पहले एक ठेकेदार से मुलाकात हुई।
ठेकेदार शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव इन पार्टनर के रूप में रहने लगा। इस दौरान आरोपी ने अलग-अलग बहाने कर करीब ढाई लाख रुपये ले लिए। युवती का आरोप है कि आरोपी एक सप्ताह पहले अपने रिश्तेदार की शादी में जाने की बात कहकर चला गया।
इसके बाद से उसकी युवक से बात नहीं हुई है। वह खुद भी युवक को खोजती हुई उसके गृह प्रदेश हिमाचल प्रदेश पहुंच गई। लेकिन युवक का पता नहीं चल सका है। कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी का कहना है कि युवती ने इसकी शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।