इजरायल एंबेसी में अफगानिस्तान का नागरिक संदिग्ध हालत में प्रवेश करता हुआ पकड़ा गया। आरोपी की पहचान नाविद जाफरी के रूप में हुई। उसे तुगलक रोड थाने ले जाकर खुफिया विभाग, आईबी व दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमों ने पूछताछ की। बताया जा रहा है नाविद जाफरी पेशे से दांतों को डॉक्टर है।
इजरायल एंबेसी ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली पुलिस को सूचना दी कि एक अफगानी व्यक्ति एंबेसी में संदिग्ध हालत में घुसता हुआ पकड़ा गया है। पुलिस उसे पकड़कर तुगलक रोड थाना ले आई। यहां पूछताछ में पता चला कि आरोपी 8 फरवरी को अफगानिस्तान से दिल्ली आया था।
वह वसंतकुंज स्थित बीएम होटल में ठहरा हुआ था। मंगलवार दोपहर को वह डॉ एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग स्थित इजरायल एंबेसी पहुंच गया और एंबेसी में अंदर घुसने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि वह एंबेसी में काफी हद तक अंदर भी घुस गया था। नाविद ने पूछताछ में बताया है कि वह भारत घूमने आया था।
वह येरूशलम, इस्राइल जाना चाहता था। इसके लिए वीजा आवेदन के लिए दूतावास गया था। फिलहाल, आरोपी के दावे की पुलिस अधिकारी जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद इस्राइल एंबेसी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तुगलक रोड थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।