उभरते हुए मॉडल लड़के-लड़कियों को बड़े-बड़े सपने दिखाकर उनसे ठगी करने वाले एक शातिर युवक को वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने दबोचा है। आरोपी की पहचान शुभम उर्फ विराज रॉय (22) के रूप में हुई है। फिलहाल इसकी पत्नी फरार है।
दोनों मॉडलिंग, शार्ट मूवी, टीवी सीरियल और नाटकों में रोल दिलाकर मोटा पैसा दिलवाने का झांसा देते थे। दोनों ने चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल समेत देशभर के 15 लड़के-लड़कियों से लाखों रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से पीड़ितों के चार मोबाइल और पांच सिमकार्ड बरामद किए हैं। विराज को बचपन से ही बड़ा मॉडल बनने का शौक था।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्य ने बताया कि काफी समय से वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस को ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। विराज नामक शख्स खुद को कास्टिंग डायरेक्टर बताता है और उसने ‘ड्रीम फॉर सक्सेस’ नाम से मॉडलिंग की एजेंसी खोली हुई है। आरोपी लड़के-लड़कियों को महिपालपुर के होटलों में ले जाकर उन्हें मॉडलिंग के लिए प्रोफाइल बनाने को फोटोशूट की बात करता।
पीड़ितों को कहा जाता कि एक इंटरनेशनल फर्म को यह फोटो भेजे जाने हैं। उसका पैसा भी फॉरन करेंसी में आना है। पुलिस को 15 युवाओं से ठगी का पता चला। इसमें से तीन शिकायतें पुलिस को मिलीं। पुलिस ने फौरन मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। छानबीन के बाद आरोपी को दबोच लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह पत्नी के साथ मिलकर दो माह से युवा लड़के-लड़कियों को ठग रहा है।