फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में बीड़ी के लिए मर्डर: दीपक के चेहरे-सिर-शरीर पर अनगिनत वार, पीछे छोड़ गया मां-बहन और चार भाई

Wed, 17 Dec 2025 07:27 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दिल्ली में बीड़ी को लेकर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पांडव नगर स्थित शशि गार्डन में मंगलवार देर रात को वारदात हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
 
विज्ञापन
बीड़ी के लिए युवक का मर्डर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में मंगलवार देर रात बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त दीपक कुमार (28) के रूप में हुई है। आरोपियों ने दीपक के सिर, चेहरे और शरीर के बाकी हिस्सों पर डंडे से हमला कर दिया।

विज्ञापन

पुलिस ने किया हत्या का मामला दर्ज
हमले में दीपक अचेत हुआ तो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन फौरन दीपक को नजदीकी एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। बाद में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

दीपक ने पकड़ ली थी मनोज की गिरेबान
छानबीन के बाद पुलिस ने मामले में सैलून चलाने वाले एक आरोपी मनोज (32) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया है कि मंगलवार रात दीपक उससे बीड़ी मांग रहा था। मना करने पर दीपक ने उसका गिरेबान पकड़ लिया। इस बात पर गुस्से में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर डंडे से उसकी पिटाई कर दी।

तंदूर में रोटी लगाने का काम करता था दीपक
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि दीपक कुमार अपने परिवार के साथ पंडित राम प्रसाद बिस्मिल कैंप, मेन रोड, शशि गार्डन में रहता था। इसके परिवार में मां और एक बहन के अलावा चार भाई हैं। दीपक पूर्वी दिल्ली में एक ढाबे पर तंदूर में रोटी लगाने का काम करता था। मंगलवार रात को वह अपने घर के पास मौजूद था।

दीपक के सिर, चेहर और माथे पर किया गया हमला
इस बीच बीड़ी को लेकर उसका आरोपियों से झगड़ा हो गया। आरोपियों ने डंडे से दीपक के सिर, चेहरे व माथे पर हमला कर दिया। हमले में दीपक अचेत हो गया। पुलिस को देर रात करीब 1.24 बजे कॉल मिली। फौरन पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक दीपक को परिजन अस्पताल ले जा चुके थे। एलबीएस अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत का पता चला।
विज्ञापन

पुलिस का बयान
दीपक के छोटे भाई कुणाल और सूरज ने आरोप लगाया है कि मनोज, रवि व एक अन्य ने मिलकर उनके भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने भाइयों के बयान पर मामला दर्ज कर एक आरोपी को दबोच लिया। बाकी की तलाश की जा रही है। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दीपक का शव परिवार के हवाले कर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें