दोस्त पर ब्लेड से किया हमला (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
वेलकम इलाके में हंसी मजाक में बात बुरी लग जाने पर एक युवक ने अपने दोस्त पर ब्लेड से हमला कर दिया। आरोपी ने दोस्त के पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। अन्य दोस्तों ने घायल युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शाहरुख (22) सपरिवार राजा मार्केट वेलकम में रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है। शनिवार रात 10 बजे खाना खाने के बाद वह मार्केट में अपने दोस्तों के साथ बैठ कर हंसी मजाक करने लगा। हंसी मजाक के दौरान रोमी नाम के युवक को शाहरुख की बात ठीक नहीं लगी और वह शाहरुख से हाथापाई करने लगा। उसके बाद रोमी वहां से गुस्से में चला गया।
कुछ देर बाद रोमी वापस आया और शाहरुख पर ब्लेड से हमला कर दिया। वहां मौजूद दोस्तों से शाहरुख को बचाने की कोशिश की। बावजूद आरोपी शाहरुख के पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोस्तों ने शाहरुख को इलाज के लिए जगप्रवेश चंद अस्पताल पहुंचाया। जहां से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
बता दें कि पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।