आरोपी ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी एजेंट के रूप में करता था काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर से सेना का अधिकारी बनकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने छतरपुर निवासी आरव मलिक (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर खुद को सेना का लेफ्टिनेंट बताकर महिला को झांसे में लिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर डिलीवरी एजेंट है। उसने दिल्ली छावनी की एक दुकान से सेना की वर्दी खरीदकर फर्जी पहचान बनाई थी। आरोपी ने सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की और खुद को कश्मीर में तैनात लेफ्टिनेंट बताकर विश्वास जीता। बाद में वह महिला के घर पहुंचा, उसे कुछ खाने को दिया और दुष्कर्म किया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल के अनुसार, डॉक्टर की शिकायत पर 16 अक्टूबर को दुष्कर्म, धोखाधड़ी, छद्मवेश और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। सरोजिनी नगर थाना पुलिस आगे की जांच कर रही है।