सनी अरोड़ा की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 2 जून को राजा गार्डन निवासी सनी अरोड़ा ने साइबर सेल में शिकायत दी। जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी दो नाबालिग बेटियों की स्कूटी को बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद उनका पीछा किया, अभद्र टिप्पणियां की और गाली-गलौज की। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि उनकी बेटियों के वीडियो यू-ट्यूब और फेसबुक पर रोड सेफ्टी वाला नाम से अकाउंट से अपलोड किए गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
जानबूझकर मारता था टक्कर
निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल फोरेंसिक की मदद से आरोपी गुरमन सिंह को सुभाष नगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया वह वायरल वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और फेसबुक व यू-ट्यूब से कमाई करने के लिए महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को ही निशाना बनाता था। वह जानबूझकर उनकी गाड़ी में हल्की टक्कर मारता, फिर सॉरी दीदी कहकर शक दूर करता और पूरी घटना रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल देता था। पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया है।