पुलिस पूछताछ में पता चला है कि जब मंत्री बनकर आकाश बात करता था तो उसके मुंह में च्यूइंगम होती थी। जब मंत्री का पीएस बनकर किसी अधिकारी से बात करता था तो च्यूइंगम नहीं खाता था। साथ ही, प्रोटोकॉल के हिसाब से बातचीत करता था। जब पुलिस प्रेम से पूछताछ कर रही थी तो आकाश ने एक कैबिनेट मंत्री का पीएस बनकर एसपी सिटी को फोन किया और मंत्री से बात करने के लिए कहा।
इसके बाद उसने आकाश ने मुंह में च्यूइंगम डाली और मंत्री बनकर बात करने लगा। एसपी सिटी ने भी आदर के साथ नमस्कार किया। आरोपी ने चाचा प्रेम की सिफारिश करते हुए कहा कि वह अच्छे खानदान के हैं इसलिए किसी प्रकार से परेशान न किया जाए। बातचीत में एसपी सिटी को शक हुआ तो कॉल डिटेल्स आदि निकलवाई गई तो फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
केंद्रीय मंत्री का पीएस बताकर लगवाई थी स्क्वायड
पुलिस पूछताछ में पता चला कि ये लोग अपनी गाड़ियों के पीछे पुलिस स्क्वायड लगवा लेते थे। एक बार आरोपी ने केंद्रीय गृहमंत्री का पीएस बनकर नोएडा पुलिस के एक अधिकारी को फोन किया था। उसने कहा कि नोएडा से एक मंत्री का बेटा गुजर रहा है और शादी में जाना है। इसके बाद पुलिस अधिकारी ने उसकी गाड़ी के पीछे स्क्वायड लगा दी थी। पुलिस को उस वक्त पता भी नहीं चल पाया था।
डेढ़ साल से कर रहे थे वसूली
आरोपी प्रेम ने कई कैबिनेट मंत्रियों व राज्यों के मंत्रियों के नाम पर ट्रांसफर पोस्टिंग कराकर पैसे कमाए। आरोपी ने अधिकारियों को झांसे में लेकर शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग सहित कई विभागों में ट्रांसफर पोस्टिंग करवाकर इसके एवज में मोटी रकम वसूल ली। चाचा-भतीजा डेढ़ साल से इस तरह की वसूली व फर्जीवाड़ा कर रहे थे। दोनों बीएससी पास हैं। अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक ठगी करने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अभी कई अन्य घटनाओं के बारे में पता किया जा रहा है।