नरेला औद्योगिक इलाके में बृहस्पतिवार तड़के चोरी का आरोप लगाकर जेजे कॉलोनी निवासी अल्लारखा (30) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। चश्मदीद के बयान पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह अल्लारखा का शव एक प्लॉट के पास मिला था। शव पर चोटों के निशान थे। वह निजी कंपनी में काम करता था। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे सूचना के बाद पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर मिले चश्मदीद मोहम्मद तारिक ने पुलिस को बताया कि नदीम, साजिद, अर्जुन व ऋषि ने उसकी डंडे से पीट-पीट कर हत्या की है। तारिक ने कहा कि रात में पड़ोस के प्लॉट से युवक की चीख सुनकर वह पहुंचा तो वे अल्लारखा के हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई कर रहे थे।
मना करने पर उन्होंने कहा कि अल्लारखा ने उनका सामान चुराया है। इसके पैसे देने पर उसे छोड़ देंगे। फिर सभी उसे लेकर कुछ दूर चले गए। तड़के फिर उसके चीखने की आवाज आई तो वह पहुंचा।
इससे पहले ही पीटने वाले सभी आरोपी फरार हो गए। इसी दौरान अल्लारखा उल्टी कर बेहोश हो गया। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो फरार हैं।