इंदौर और मुंबई जाने वाले यात्रियों को एक सप्ताह तक थोड़ी परेशानी हो सकती है। फरीदाबाद सेक्शन से गुजरने वाली दो गाड़ियां मालवा और दादर एक्सप्रेस दो से तीन घंटे तक देरी से चलेंगी। अंबाला और कुरुक्षेत्र के बीच ओवरब्रिज निर्माण का काम किया जा रहा है। इसके चलते गाड़ियां रोककर चलाई जा रही हैं।
ऐसे में स्टेशन आने से पहले गाड़ियों के आगमन की जानकारी इंक्वायरी से अवश्य कर लें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 22 से 23 मार्च तक सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और 24 से 27 मार्च तक दोपहर 2:20 से शाम 5:20 बजे तक अंबाला-कुरुक्षेत्र के बीच रेल यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
इस समय रूट से गुजरने वाली ट्रेन को रोककर चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों के रूट में परिवर्तन किया गया है। रात के समय 7:50 बजे फरीदाबाद पहुंचने वाली 12920 मालवा एक्सप्रेस अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत की बजाय अंबाला, जाखल, जींद, पानीपत के रास्ते यहां आएंगी। इसके अलावा 11058 दादर एक्सप्रेस को अंबाला स्टेशन पर 75 मिनट तक रोककर चलाया जाएगा। ऐसे में यह दोनों ही ट्रेन फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर 1:30 से 3 घंटे की देरी से पहुंचेगी।
इसी वजह से शुक्रवार रात भी मालवा एक्सप्रेस 3:30 घंटे व दादर एक्सप्रेस 2:30 घंटे की देरी से पहुंची थीं। रेल अधिकारियों का कहना है कि 27 मार्च तक दोनों ट्रेनों की यह समस्या बनी रहेगी। ऐसे में रात के समय पलवल, मथुरा, आगरा व इंदौर और मुंबई जाने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ेगा। इसको लेकर स्टेशनों पर रेलवे की ओर से नोटिस जारी किए जा चुके हैं।