प्रस्तावित प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष बिट्टू उप्रेती करेंगे। इस आंदोलन को उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भी समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक व्यक्ति की रिहाई का नहीं, बल्कि न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का विषय है।
धीरेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि केशव नेगी को स्थानीय लोग उत्तराखंडी भाई के रूप में पहचानते हैं, उनकी गिरफ्तारी से दिल्ली में रह रहे लाखों उत्तराखंडियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गलत है और नेगी को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर गृह मंत्रालय से भी संपर्क किया गया है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का समय मांगा गया है। उनके अनुसार, इस मामले को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर उठाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर दिल्ली में रह रहे उत्तराखंडी समुदाय के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं। विभिन्न इलाकों में लोगों ने संगठित होकर आंदोलन की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसके अलावा उत्तराखंडी वकीलों की एक टीम भी इस मामले में कानूनी पैरवी के लिए तैयार की जा रही है, ताकि कोर्ट में मजबूत पक्ष रखा जा सके।