अगर आपके घर में अभी तक टॉयलेट नहीं है तो टॉयलेट बनाने पर भी सरकार पैसा देगी। स्वच्छ भारत मिशन स्कीम में गाजियाबाद में 2200 से ज्यादा लोगों को फंड देने के लिए चयनित किया गया है। अब सरकार इन्हें मिलने वाली फंड की पहली किस्त के रूप में दो-दो हजार रुपये देने की तैयारी कर रही है।
स्वच्छ भारत मिशन के लिए नगर निगम को नोडल विभाग बनाया गया है। शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा ने लाभार्थियों के सत्यापन और फंड जारी करने के लिए सभी जोन के सेनेट्री इंस्पेक्टरों और अधिकारियों की बैठक ली।
नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में अपर नगर आयुक्त ने टॉयलेट बनवाने के लिए आवेदन करने वाले लोगों के फार्मों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आवेदक के टॉयलेट बनाने का काम शुरू कराने के बाद उन्हें दो हजार रुपये दिए जाएंगे।
यह पैसा खर्च होने के बाद अगले किस्त में दो हजार और निर्माण पूरा होने पर बाकी 4 हजार रुपये दिए जाएंगे। टॉयलेट बनाने के लिए सरकार एक आवेदक को कुल 8 हजार रुपये देगी।