संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के फिरोजपुर झिरका शहर में पुलिस ने गोकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से 378 किलोप्रतिबंधित मांस कब्जे में लेकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना सिटी फिरोजपुर झिरका में सीएस स्टाफ के एएसआई चंद्रपाल की शिकायत पर 28 जून को मामला दर्ज किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अपने घर में अवैध रूप से गोकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 छुरियां, 2 कुल्हाड़ियां, 3 दरात, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक ब्रेजा कार, दो मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल रेहड़ा भी जब्त किया। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में अलीम, सलीम, आमीन, मुस्तकिम, मुसरलीम, फिरोज (सभी निवासी वार्ड नंबर-15, फिरोजपुर झिरका) तथा आबिद निवासी गांव नांगल को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, सिराज, खालिद, इमरान, इकबाल, साजिद, आबिद पुत्र इमाम समेत अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद मांस के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बरामद मांस के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। इलाके में इस कार्रवाई के बाद सनसनी का माहौल बना हुआ है।